श्रावण मास में तीर्थनगरी के कांवड़ मेले की श्रद्धालुओं के बीच काफी मान्यता है, इसलिए शनिवार से ही कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने की आशंका है। इस कारण जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जिले के नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को शनिवार और सोमवार को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
सोरोंजी तीर्थनगरी के लहरा गंगाघाट से कांवड़ भरने के लिए बड़ी संख्या में मध्यप्रदेश, राजस्थान सहित अन्य इलाकों के कांवड़िये कांवड़ भरने आते हैं। सोमवार से पहले ही जिले में कांवड़ियों की जबरदस्त भीड़ रहती है। ऐसी स्थिति में जाम से बचने और आवागमन सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने स्कूल बंद करने के साथ ही रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की है। चार अगस्त को श्रावण मास का अंतिम सोमवार है जिस कारण दो से चार अगस्त को भी यही व्यवस्था क्रम लागू रहेगा।
रविवार को बंद रहेगा बाजार
कांवड़ यात्रा के कारण जिलाधिकारी मेधा रूपम ने पहले ही श्रावण मास में प्रत्येक रविवार को बाजार बंद रखने का आदेश जारी किया था। बाजार बंद रहने से कांवड़ियों को राहत मिली। इस रविवार को भी शहर के बाजार बंद रखे जाएंगे। जिलाधिकारी ने पालिका परिषद के अधिकारियों को इस संबंध में मुनादि कराएं जाने के निर्देश दिए हैं। बीएसए सूर्यप्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की अनुमति के क्रम में जिले के समस्त विद्यालय नर्सरी से कक्षा 8 तक 26 से 28 जुलाई और 2 अगस्त से 4 अगस्त तक बंद रहेंगे। यह निर्णय कांवड़ यात्रा में होने वाली अत्यधिक भीड़ और जाम जैसी स्थिति से बचने के लिए लिया गया है।