फोटो42मृतक छात्र राहुल का फाइल फोटो
कासगंज। सदर कोतवाली के गांव नगला ताल के पास मंगलवार की देर शाम बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बीएससी के छात्र की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अलीगढ़ रेफर किया गया है। गांव नगला ताल निवासी राहुल (20) पुत्र अनार सिंह मंगलवार की शाम दोस्त रोहित (21) पुत्र राजपाल के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। राहुल के पिता ने बताया कि बाजार से लौटते समय गांव के चार नंबर कुएं के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रोहित को हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया।
पिता अनार सिंह ने बताया कि राहुल बीएससी का छात्र था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। दो छोटे भाई मोहित (16) और रोहित (10) है। छात्र की मौत के बाद मां गजमुखी सहित अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।