कासगंज। जिले में अलग-अलग हादसों में दो कांवड़ियों की माैत हो गई। एटा के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव वीरमपुर निवासी प्रवीण की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर करीब 35 ग्रामीण कछला गंगा घाट से सोमवार सुबह वापस लौट रहे थे।
गांव नगला गोजिया निवासी छोटेलाल (65) पुत्र मुंशीलाल ट्रैक्टर के आगे बैठे थे। शहर के मालगोदाम चौराहा के पास मोड़ पर नींद का झोंका आने से वे नीचे गिर गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
चालक प्रवीण समेत उनके अन्य साथी उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी ओपी सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए। साथी कांवड़ियों से हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के परिजन को हादसे की सूचना दे दी है।
वहीं, सोरोंजी थाना क्षेत्र में रविवार रात रतन दुलारे अस्पताल के पास कांवड़ियों की बाइक एक अन्य वाहन से टकरा गई। इस हादसे में मैनपुरी के थाना दन्नाहार अंतर्गत गांव रठेरा निवासी रोहित उर्फ छोटू (22) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी धर्मेंद्र और रिंकेश घायल हो गए थे।
एसपी ओपी सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अलग-अलग जगहों पर विभिन्न हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। जबकि 17 कांवड़िए घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
-
यहां हुए हादसे
सदर कोतवाली क्षेत्र में बजाज एजेंसी के सामने आवास विकास के पास रविवार देर रात करीब 3 बजे अज्ञात पिकअप ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रामवीर (45) पुत्र उदय सिंह, परशुराम (42) पुत्र किशन लाल निवासी निकोही जिला डीग, राजस्थान घायल हो गए। घायलों को आगरा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
सोरोंजी थाना क्षेत्र में भगवान वराह तिराहा पर आपस में बाइक टकराने पर अनूप (21) पुत्र देवकीनंदन और रितिक (22) पुत्र ह्रदेश निवासी गांव अगराना थाना सिकंदरा राव जनपद हाथरस घायल हो गए। वे साथियों के साथ कछला गंगा घाट से कांवड़ भरने जा रहे थे।
इसके अलावा मोहनपुर के पास बाइक में डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कांवड़ियां जितेंद्र कुमार (21) पुत्र हरपाल सिंह निवासी छौंक थाना हाथरस घायल हो गया। सोरोंजी-कासगंज मार्ग पर गांव होडलपुर के सामने अज्ञात ऑटो ने कांवड़ लेने जा रहे शिवम उर्फ गोलू पुत्र उमेश कुमार निवासी ग्राम जयमतपुर थाना नगला खंगर जनपद फिरोजाबाद काे टक्कर मार दी। घायल को सीएचसी पर उपचार चल रहा है।
रविवार रात करीब 10.30 बजे फोरलेन हाईवे पर गोहरा पुलिस चौकी के पास अज्ञात वाहन ने सीपू (14) पुत्र नीलेश सिंह और अर्पित (21) पुत्र वीरपाल सिंह यादव निवासी ग्राम सैमरी थाना करहल जनपद मैनपुरी को टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए।
सोरोंजी में गांव मल्ला नगर के पास अज्ञात वाहन ने कांवड़ लेने कछला जा रहे सौरभ उर्फ सिंटू (18) पुत्र भूरे व कुमारी भारती (16) पुत्री भूरे निवासी ग्राम नगला थान को टक्कर मार दी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रविवार रात करीब 10.15 बजे गोहरा नहर से सोरोंजी की तरफ बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़ लेने जा रहे प्रभाष (20) पुत्र संतोष जाटव, सूरज पुत्र श्रीचंद्र और रोहित पुत्र महाराज सिंह निवासी लुखरिया थाना नारखी जिला फिरोजाबाद घायल हो गए।
सोरोंजी रोड पर एआरटीओ कार्यालय मोड़ के पास बाइक फिसलने से डोरीलाल (18) पुत्र नरोत्तम और राघव (19) पुत्र धनवीर सिंह निवासी गांव जसराना पट्टी थाना जसराना जनपद फिरोजाबाद को चोटें आई। दोनों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया।