-जिले में 40.33 मिमी औसत वर्षा, कासगंज तहसील में सबसे अधिक 48 मिमी दर्ज
कासगंज। मंगलवार शाम से सक्रिय हुए मानसून ने जिले में अच्छी बारिश कर जुलाई की शुरुआत को राहतभरा बना दिया है। महज दो दिन की बारिश में जिले में औसतन 40.33 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके साथ ही जुलाई में अब तक 95.33 मिमी औसत बारिश हो चुकी है, जो इस माह के 157 मिमी सामान्य वर्षा का करीब 61 प्रतिशत है।
बुधवार रातभर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। यह सिलसिला बृहस्पतिवार दोपहर तक जारी रहा। बारिश का सबसे अधिक असर कासगंज तहसील में देखने को मिला, जहां 48 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सहावर में 39 मिमी और पटियाली में 34 मिमी बारिश दर्ज हुई। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है और उमस से लोगों को राहत मिली है। मौसम के इस रुख से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। खरीफ की बुवाई के लिए मौसम अनुकूल हो गया है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में मानसून सक्रिय बने रहने का अनुमान है। इस दौरान रुक-रुककर बारिश, तेज हवाएं, आंधी-तूफान और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मोहनपुरा कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. आकाश ने बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
बारिश के दौरान किसान और पशुपालक बरतें सावधानी
- अधिक वर्षा के कारण बुवाई, रोपाई और अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं। खेतों में अतिरिक्त पानी निकासी की उचित व्यवस्था करें।
- उर्वरक, कीटनाशी और रोगनाशी दवाओं का छिड़काव मौसम साफ होने के बाद ही करें।
- बारिश के बाद फसलों में कीट और रोगों की नियमित निगरानी करते रहें।
-पशुओं को सूखे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएं।
- पशुओं को पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास न बांधें। तेज हवा में पेड़ की -टहनियां गिरने या बिजली के खंभों में करंट उतरने से पशुओं को नुकसान हो सकता है