कासगंज। सिढ़पुरा में गिरवी रखे जेवर गलाने के मामले में पुलिस ने दो सराफा व्यापारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
सिढ़पुरा के गांधी नगर निवासी रजत गुप्ता ने लगभग ढाई साल पहले एक फाइनेंस कंपनी में जेवर गिरवी रखे थे। उन्होंने मोहल्ला जय-जयराम निवासी सराफा कारोबारी सौरभ वर्मा के माध्यम से यह कार्य किया था। ब्याज बढ़ने पर कंपनी ने सौरभ पर जेवर छुड़वाने का दबाव बनाया। इसके बाद सौरभ ने जेवर छुड़ाकर टंच कारोबारी सत्यभान से मिलकर उन्हें गलवा दिया।
मंगलवार को रजत जब जेवर छुड़ाने पहुंचे, तो उन्हें सौरभ के जेवर ले जाने की जानकारी मिली। जेवर गलाने की बात पता चलने पर रजत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद