उत्तर प्रदेश के कासगंज में पुलिस भर्ती 17 व 18 फरवरी को आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को दिक्कत न हो इसके लिए परिवहन निगम ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। निगम के अधिकारी ने दावा किया कि यात्रा में परीक्षार्थियों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। क्योंकि निगम की तरफ से बसों की संख्या बढा़ई जाएगी।
पुलिस भर्ती के लिए जिले में 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 1200 परीक्षार्थी दो दिनों में परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो और वाहनों की व्यवस्था बनी रहे इसके लिए निगम ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। परीक्षा देने के लिए सुबह समय से पहुंचने के लिए परीक्षार्थी निजी वाहनों से भी पहुंच जाते हैं।
जिस रूट पर यात्री ज्यादा, उस रूट पर भेजी जाएगी बस
परीक्षा पूरी होने के बाद जब परीक्षार्थी एक साथ निकलते हैं तब बस स्टैंड पर वाहनों के लिए भीड़ एकत्र हो जाती है। इसका अंदाजा रोडवेज विभाग को भी है। इस समस्या से निपटने के लिए निगम की तरफ से कुछ बसें पहले से ही रिजर्व में रखी जाएंगी। जिस मार्ग पर अधिक यात्री होंगे बस को उसी मार्ग पर रवाना किया जाएगा।
पहले से ही कर ली गई है तैयारी
बस संचालन प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों परेशानी नहीं होने दी जाएंगी। रोडवेज के द्वारा परीक्षा के दिनों के लिए पहले से ही तैयारी की गई हैं। यात्रियों की संख्या जिस मार्ग पर अधिक होगी उन मार्गों पर दूसरे मार्गों से हटाकर बसों को लगाया जाएगा।