फोटो 31 कासगंज में बाल कल्याण समिति सदस्य पटियाली में नाले में मिली नवजात को आगरा शिशु संरक्
कासगंज। पटियाली के मोहल्ला मिश्राना हल्दियान में नाली से मिली नवजात बच्ची के लिए मुश्किलों भरे सफर के बाद अब सुरक्षित भविष्य की राह खुल गई है। 4 अगस्त को नाले में मिली बच्ची की उस समय सांस तेज चल रही थी और वजन भी कम था। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार और देखभाल के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ हो चुकी है। समिति ने बच्ची को राजकीय शिशु गृह, आगरा में आवासित कराने के आदेश दिए हैं।
नवजात मिलने के बाद पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। बच्ची की हालत को देखते हुए समिति ने उसके सर्वोत्तम हित और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजने के आदेश दिए।
जिला अस्पताल में बच्ची की आवश्यक जांच कर उपचार किया गया। एसएनसीयू यूनिट प्रभारी पुष्पेंद्र ने बताया कि उपचार के बाद नवजात अब पूरी तरह स्वस्थ है।
स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार पूरा होने के बाद बच्ची को दोबारा बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने चिकित्सकीय रिपोर्ट समेत उपलब्ध अभिलेखों का अवलोकन किया। इसके बाद बच्ची की सुरक्षा, संरक्षण और बेहतर देखभाल को ध्यान में रखते हुए उसे राजकीय शिशु गृह आगरा में आवासित करने का निर्णय लिया गया।
बाल कल्याण समिति ने संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी को निर्देश दिए हैं कि नवजात बच्ची को सुरक्षित रूप से राजकीय शिशु गृह, आगरा में दाखिल कराया जाए। साथ ही प्रवेश से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने को कहा गया है।
इस दौरान बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. मोहम्मद फारूक, डॉ. मोहम्मद लाइक अली खान, शशिबाला गुप्ता और चंद्रप्रभा सिंह मौजूद रहीं। समिति के निर्णय के बाद बच्ची को शिशु गृह में संरक्षण, देखभाल और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।