फोटो51सहावर सीएचसी पर घायलों का उपचार करते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
सहावर। गांव एगमा के पास मंगलवार की शाम खेत से सड़क पर आए एक ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती और उनका बेटा घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
गंजडुंडवारा कस्बा निवासी यामीन (39) पत्नी नजमा और बेटे अयान (12) के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से कासगंज जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव एगमा के समीप पहुंची, तभी खेत से अचानक एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर आ गया।
चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गए। हादसे के बाद मार्ग पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। जबकि चालक मौके से भाग निकला।