कासगंज। प्रशासन ने पंचायत निधि में वित्तीय अनियमितता और नियमों की अनदेखी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। अलादीनपुर और अजीतनगर के प्रधानों को उनके पद से हटा दिया गया है। आरोप है कि दोनों प्रधानों ने पंचायत के खाते से नियम विरुद्ध भुगतान करते हुए धनराशि अपने परिजन के खातों में भेजी। जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
सहावर की ग्राम पंचायत अलादीनपुर में विजेंद्र सिंह ने शिकायत की थी। जांच में पाया गया कि हैंडपंप रिबोर के नाम पर प्रधान पप्पू सिंह ने 7,54,165 रुपये अपने बेटे अखिलेश, नाबालिग बेटे किशन और पिता राजवीर सिंह के खातों में मजदूरी के नाम पर भेजे। प्रधान और सचिव ने मजदूरी के भुगतान में वित्तीय नियमों का पालन नहीं किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर दोषी प्रधान को पद से हटाया गया है।
सिढ़पुरा विकास खंड की ग्राम पंचायत अजीतनगर में शैलेंद्र कुमार सोलंकी ने 2023 में शिकायत की थी। जांच में सामने आया कि प्रधान प्रीति ने अपने पति संजीव कुमार के खाते में 1,44,200 रुपये, देवर आशीष कुमार के खाते में 6,75,000 रुपये और देवरानी नेहा के खाते में 1,98,400 रुपये भेजे। कुल 10,17,600 रुपये की धनराशि नियम विरुद्ध भेजी गई।
जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश चौरसिया ने बताया कि जांच में दोषी पाए जाने पर जिलाधिकारी के आदेश पर दोनों प्रधानों को पद से हटा दिया गया है।