सिढ़पुरा। क्षेत्र के मनकई गांव में रविवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचाया। तीन विद्युत खंभे टूट जाने से पूरे गांव की आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को रातभर परेशानी झेलनी पड़ी।
देर शाम से गुल हुई बिजली सोमवार देरत शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में कालीचरण की दुकान के पास दो विद्युत खंभे क्षतिग्रस्त होकर टूटे हुए खड़े हैं, जो बेहद जर्जर स्थिति में हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि ये खंभे कभी भी गिर सकते हैं, जिससे आसपास के मकानों और लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना बीती शाम ही विद्युत उपकेंद्र सिढ़पुरा को दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही मरम्मत कार्य शुरू किया गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण विजयपाल, ओमप्रकाश, विपिन, कालीचरण सहित अन्य लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। जेई डीके मिश्रा ने बताया कि लाइनमैन को मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।