तैयारियों में जुटा है बेसिक शिक्षा विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में शिक्षकों की तैनाती के कारण टाली गईं परिषदीय स्कूलों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 10 से 15 दिसंबर के बीच होंगी। विभाग इसके लिए तैयारियों में जुटा है।
जिले में 1263 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। इनमें कक्षा 1 से आठ तक 119324 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहले छमाही परीक्षा का कार्यक्रम 28 नवंबर से 3 दिसंबर तक निर्धारित किया गया था। एसआईआर की प्रक्रिया 4 दिसंबर तक होने से बाद में इन परीक्षाओं को टाल कर 10 दिसंबर से शुरू करने के शासन ने आदेश दिए थे। इस बीच सर्वे की तिथि बढ़कर 11 दिसंबर हो गई है। परीक्षाओं के लिए नया आदेश न आने से विभाग अब 10 से 15 दिसंबर के बीच कराने के लिए तैयारी कर रहा है।
जिले में स्कूलों की स्थिति
826 प्राथमिक स्कूल।
159 कंपोजिट विद्यालय।
278 उच्च प्राथमिक विद्यालय।
परीक्षा 10 दिसंबर से कराने के कार्यक्रम में अभी कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसलिए परीक्षाएं निर्धारित तिथि से आरंभ होंगी।- कमलेश, जिला समन्वयक