संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए पशुपालन विभाग ने डेयरी विकास से जुड़े 38 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी व्यवसाय को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शासन से गोवंश के संवर्धन एवं दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना और नंदिनी मिनी योजना का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से स्वदेशी नस्ल की उच्च दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों के पालन हेतु आर्थिक सहायता और अनुदान उपलब्ध कराया जाता है।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत 28 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत लाभार्थी दो गायों की इकाई स्थापित कर दुग्ध उत्पादन करेंगे। इसमें 80 हजार रुपये तक अनुदान की व्यवस्था है। नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में दो आवेदन को मंजूरी दी गई है। इसमें 25 गायों की यूनिट की स्थापना के लिए सरकार की ओर से अनुदान का प्रावधान है। 62.50 लाख की इस परियोजना में लाभार्थी को 15 प्रतिशत धन स्वयं लगाना होता है। 31.25 लाख रुपये सरकार की ओर से अनुदान मिलता है। शेष धन के लिए बैंक से ऋण का प्रावधान है।
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में 8 आवेदनों को विभाग ने मंजूरी दी है। इस योजना 23.60 लाख रुपये की लागत आती है। इसमें से 11.80 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। 15 प्रतिशत अंश लाभार्थी लगाएंगे। शेष धन बैंक से ऋण बतौर मिलेगा।