फोटो29कासगंज पुलिस की हिरासत में साधू की हत्या का आरोपी। स्रोत: पुलिस मीडिया सेल
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के भड़पुरा गांव में पानी पीने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद ने एक साधु की जान ले ली। मंगलवार को हैंडपंप पर हुए झगड़े के बाद एक युवक ने डंडे से पीट-पीटकर साधु की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बुधवार को न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया है।
मृतक साधु विपिन कुमार (32) मूल रूप से फिरोजाबाद के सलेमपुर गांव के रहने वाले थे। वह पिछले 15 सालों से भड़पुरा के एक मंदिर में रह रहे थे। मोहनपुरा के गांव नगला पीपल निवासी उनके बहनोई जयप्रकाश ने बताया कि मंगलवार दोपहर विपिन भड़पुरा तिराहे पर लगे हैंडपंप पर पानी पीने गए थे।
वहां उन्होंने गांव के ही कौशल कुमार से हैंडपंप चलाने को कह दिया। इसी बात पर दोनों में बहस हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उस वक्त मामला शांत करा दिया था, लेकिन बाद में आरोपी कौशल ने घात लगाकर साधु के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। साधु लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हत्या की खबर मिलते ही एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार और सीओ आंचल चौहान ने मौके पर जाकर जांच की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था, जिसे बुधवार को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
वर्जन
हैंडपंप पर पानी के विवाद में साधु की हत्या के मामले में आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। -ओपी सिंह, एसपी