फोटो38पंचालाना गोशाला में अस्थाई चिकित्सालय की आधार शिला रखते सीडीओ व अन्य ।स्रोत: सूचना विभ
कासगंज। जिला प्रशासन की पहल पर ग्राम पंचायत पचलाना स्थित वृहद गो संरक्षण स्थल में गोवंश के संरक्षण और उपचार व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह और मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है।
गोशाला में भूसा-चारा भंडारण के लिए एक बड़े गोदाम और बीमार पशुओं के बेहतर इलाज हेतु एक अस्थायी चिकित्सालय की आधारशिला रखी गई है। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह और उप जिलाधिकारी कोमल पवार की उपस्थिति में विधि-विधान से भूमि पूजन हुआ।
इस दौरान निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई गई। इस कवायद का मुख्य उद्देश्य गोशाला में रह रहे गोवंश को बेहतर सुविधाएं देना है। साथ ही बीमार पशुओं का समय पर उचित उपचार सुनिश्चित करना है। इस दाैरान ग्राम प्रधान दीपांशी, सचिव स्वराष्ट्र सोनकर, जेई आरईडी प्रवीन कुमार, एडीओ पंचायत चंद्रभान सिंह आदि मौजूद रहे।
काऊ लिफ्टिंग मशीन का उद्घाटन
कार्यक्रम में मंडल स्तर पर पहली बार आधुनिक काऊ लिफ्टिंग मशीन का उद्घाटन किया गया। यह मशीन बीमार और असहाय गोवंश को सुरक्षित तरीके से उठाने में मदद करेगी। सीडीओ ने बताया कि अक्सर घायल या अत्यधिक कमजोर गोवंश को इलाज के लिए लाने-ले जाने में दिक्कतें आती थीं। नई मशीन से ऐसे निराश्रित और घायल पशुओं को बिना किसी अतिरिक्त शारीरिक परेशानी के आसानी से उपचार केंद्र तक पहुंचाया जा सकेगा।