कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नदरई स्थित हजारा नहर में सोमवार की दोपहर नहाते समय एक किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में डूब गया। पीएसी की फ्लड यूनिट और स्थानीय गोताखोर लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन मंगलवार शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
ततारपुर कॉलोनी-1200 निवासी आरिस (16) पुत्र रफत सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हजारा नहर पर नहाने गया था। जब वह देर तक घर वापस नहीं लौटा, तो परिजन चिंतित हो गए।
आरिस के भाई आमिर ने बताया कि तलाश करने पर नहर की पुलिया के पास आरिस के जूते और कपड़े रखे मिले। इसके बाद किशोर के नहर में डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तुरंत पीएसी की फ्लड यूनिट और गोताखोरों को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया। कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि किशोर के नहर में डूबकर लापता होने की रिपोर्ट है। उसकी बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।