कासगंज। सोरोंजी कोतवाली के गांव अल्लीपुर बरवारा में खेत पर अवैध कब्जे के प्रयास का विरोध करने पर दबंगों ने एक किसान के साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव निवासी पुष्पेंद्र ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह गत 11 अक्तूबर को दोपहर करीब 2 बजे अपने खेत की जोताई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही हरी सिंह, रामरतन, देवेंद्र, जयपाल और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति उनके खेत पर पहुंच गए। आरोपी गालियां देते हुए जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने लगे।
जब पुष्पेंद्र ने इसका विरोध किया, तो लाठी और दराती से उन पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण उनकी मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
-
वर्जन
मारपीट के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। -आंचल चौहान,सदर सीओ कासगंज