फोटो40गांव निजामपुर में टीन शेड में खाना बनाती पीड़ित परिवार की गृहिणी खुशबू।संवाद
मोहनपुरा। शुक्रवार को आए तूफान और बारिश ने ग्राम पंचायत कुतुबपुर के गांव निजामपुर में एक परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। विजयपाल उर्फ नेपाल पुत्र भीखे सिंह का मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में घर-गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया।
मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने तक की समस्या खड़ी हो गई है। अब पीड़ित अपनी पत्नी खुशबू और छह बच्चों के साथ टीन डालकर गुजर-बसर कर रहा है। परिवार के मुखिया विजयपाल ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। वह मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
मकान गिरने से घर का सारा सामान मलबे में दब गया। शुक्रवार को परिवार के लिए भोजन बनाने के लिए आटा तक खरीदकर लाना पड़ा। इसके बाद ही घर में खाना बन सका। खुशबू ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चों के साथ टीन के नीचे रहकर दिन काटने पड़ रहे हैं। रहने की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है जिससे नियमानुसार आर्थिक सहायता मिल सके।
-
वर्जन
गांव निजामपुर में दैवीय आपदा के अंतर्गत क्षतिग्रस्त हुए मकान के नुकसान का आंकलन कराया जाएगा और नियमानुसार पीड़ित परिवार को प्रशासन द्वारा आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। - बलवंत उपाध्याय, तहसीलदार सदर कासगंज