फोटो37संसद में बोलते सपा सांसद देवेश शाक्य। स्रोत:वीडियो ग्रैब
कासगंज। समाजवादी पार्टी के सांसद देवेश शाक्य ने शुक्रवार को संसद में नदरई के पास से गुजर रही पक्की हजारा नहर पर सौ मीटर में सीढ़ियां बनाने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने नहर पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तैनात करने और आपराधिक वारदातों पर अकुंश लगाने के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग उठाई। प्रसिद्ध झाल के पुल पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और इसकी तकनीकी लेखा परीक्षा समिति (टीएसी) से जांच कराने की मांग की।
सांसद ने कहा कि एटा लोकसभा क्षेत्र में कासगंज जिले के नदरई से होकर पक्की हजारा नहर निकाली गई है। जिसमें जानवर आए-दिन फंस जाते हैं। इससे उनकी मौत हो जाती है।
पास में स्थित कच्ची नहर में डूबकर लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में पक्की नहर पर सौ-सौ मीटर पर सीढ़ी बनाई जाए। कच्ची नहर में लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ की यूनिट स्थापित की जाए। ब्रिटिश काल में बने प्रसिद्ध झाल के पुल पर चल रहे सौंदर्यीकरण का कार्य मानक के अनुरूप नहीं किए जाने का आरोप भी लगाते हुए टीएसी से जांच कराकर ही ठेकेदार को भुगतान करने की मांग की।
कहा कि झाल के पुल को देखने के लिए आस-पास के क्षेत्र से काफी संख्या में लोग आते है।
पूर्व में इस क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इन्हें रोकने के लिए नहर पर स्थाई पुलिस चौकी स्थापित की जाए।