पटियाली। विद्युत उपकेंद्र की हाईटेंशन वैक्यूम सर्किट ब्रेकर मशीन (वीसीबी) में सोमवार की रात करीब 8 बजे एक काला नाग घुस गया। इससे जोरदार धमाके के साथ फाल्ट हो गया। उपकेंद्र पर फाल्ट के चलते कस्बा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। चारों ओर अंधेरा छा गया। बाजार में दुकानें जल्दी बंद हो गईं। गली-मोहल्लों में सन्नाटा पसर गया।
विज्ञापन
फाल्ट की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी राकेश सिंह के निर्देश पर अवर अभियंता अजय तोमर के नेतृत्व में विद्युत कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वीसीबी मशीन को खोलकर अंदर फंसे मरे हुए सांप को बाहर निकाला। सांप मशीन में फंसकर बुरी तरह झुलस गया था।
मामले में अवर अभियंता अजय तोमर ने बताया कि वीसीबी मशीन में सांप घुसने से फाल्ट हो गया है। मशीन को सही करने का काम किया जा रहा है। फाल्ट के कारण विद्युत आपूर्ति सुचारू होने में 3 घंटे या उससे अधिक समय लग सकता है।