पटियाली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों को साफ-सुथरा रखने के दावों के बीच पटियाली तहसील क्षेत्र के गांव निविया में सफाई व्यवस्था बदहाल है। ग्राम पंचायत प्रीतम नगर हरौड़ा के इस गांव में ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई के लिए धन की निकासी के बाद भी पांच साल से नालियां बदहाल हैं। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से गलियों में गंदगी और कीचड़ जमा है। सोमवार को ग्रामीणों ने खुद सफाई अभियान चलाने के साथ उपजिलाधिकारी से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की।
गांव निविया में 1,600 से अधिक आबादी वाले क्षेत्र में रघुवीर के घर से महेंद्र के घर तक पानी की निकासी नहीं हो रही है। इससे कई साल से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। सड़क पर कीचड़ जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ती है।
ग्रामीण धर्मवीर और राहुल ने बताया कि कई बार पंचायत प्रशासक और सचिव से सफाई कराने की मांग की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि पंचायत सचिव ने समय न होने की बात कहकर सफाई कराने से मना कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही व्यवस्था सुधारने का बीड़ा उठाया।
ग्रामीणों ने पांच-पांच सौ रुपये चंदा जुटाकर ईंट, फावड़े और अन्य सामग्री खरीदी। सोमवार को श्रमदान कर सफाई अभियान शुरू किया। ग्रामीण घुटनों तक भरे कीचड़ में उतरे और नालियों की सफाई की। ग्रामीण सुनील ने आरोप लगाया कि संचारी रोग नियंत्रण के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। कागजों में सफाई दर्शाकर धन निकाल लिया गया, जबकि गांव में सफाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने एसडीएम सुशांत सांवरे से पंचायत प्रशासक और सचिव की जांच कर कार्रवाई कराने तथा विशेष सफाई अभियान चलवाने की मांग की।
वर्जन
मामले की जांच कराई जाएगी। संबंधित अधिकारियों को गांव में अभियान चलाकर सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। - सुशांत सांवरे, एसडीएम
ग्रामीणों की बात
-गांव की नालियों की सफाई के लिए कई बार पंचायत प्रशासक और सचिव से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नालियों का गंदा पानी सड़क पर भरा रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को निकलने में परेशानी होती है। -राजवीर ,ग्रामीण
-गांव में लंबे समय से सफाई नहीं होने से नालियां गंदगी से बजबजा रही थीं। सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया था। मजबूरी में ग्रामीणों को खुद फावड़े और अन्य सामान लेकर सफाई करनी पड़ी। -कर्मवीर ,ग्रामीण