सहावर। विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक सोमवार को तहसील सभागार में आयोजित की गई। इसमें एसडीएम एसएन त्रिपाठी ने एसआइआर फॉर्म को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा से पहले सभी फॉर्म जमा किए जाएं। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 2003 की मतदाता सूची के आधार पर मतदाताओं का सत्यापन करना अनिवार्य है। उन्होंने सभी बीएलओ व सुपरवाइजर को अपने क्षेत्रों में मैपिंग के साथ शत प्रतिशत एसआइआर कार्य पूरा करने और इसकी प्रगति रिपोर्ट निर्वाचन कार्यालय को भेजने को कहा। सबसे खराब प्रगति वाले बीएलओ को कड़ी चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि बीएलओ जितने भी फार्म भर चुके हैं। उनकी मैपिंग हर हाल में कराते रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन शाम को मैपिंग कार्य की अपडेट लेते रहेंगे। ताकि कार्य की स्थिति की जानकारी मिल सके। एसडीएम ने कहा कि जितने फॉर्म मतदाताओं को दिए गए हैं, उन्हें शत प्रतिशत पूरा किया जाना चाहिए। बैठक में तहसीलदार संदीप चौधरी, क्षेत्रीय लेखपाल पंकज यादव और सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।