सिढ़पुरा। थाना क्षेत्र में आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत की जांच करने पहुंचे लेखपाल के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और हाथापाई का मामला सामने आया है। लेखपाल का आरोप है कि आरोपियों ने सरकारी काम में रुकावट डाली, शिकायत का कागज फाड़ दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पटियाली तहसील के सरावल राजस्व क्षेत्र में तैनात लेखपाल अनुज कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वे 15 जुलाई को राजस्व निरीक्षक राजेश बाबू के साथ खजुरा गांव गए थे।
वहां वे तुसी देवी की जमीन पर कब्जे की शिकायत का निपटारा करने पहुंचे थे। जमीन आबादी की होने के कारण वे दोनों पक्षों को न्यायालय जाने की सलाह दे रहे थे। इसी बीच गांव के रनवीर और उसका बेटा योगेंद्र भड़क गए।
आरोप है कि दोनों ने कोर्ट जाने की बात से मना करते हुए लेखपाल को गालियां दीं, उनके हाथ से सरकारी कागज छीनकर फाड़ दिया और बाइक से धक्का देकर हाथापाई की। लेखपाल ने सबूत के तौर पर फटे हुए कागज पुलिस को सौंप दिए हैं। थानाध्यक्ष रंजीत सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।