कासगंज। रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल ने डॉग स्क्वायड टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर व आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस सामान मिलने पर पुलिस को सूचित करने के बारे में बताया।
आरपीएफ ने सोमवार को जंक्शन पर चेकिंग की। स्टेशन पर आने वाले व्यक्तियों से स्टेशन पर आने के बारे में पूछताछ की गई। टिकट विंडो, यात्री प्रतीक्षालय व जंक्शन पर लोगों की जवानों ने सर्च की। मौजूद लोगों से टिकट चेक कर उनके गंतव्य के बारे में पूछताछ की गई। डॉग स्क्वायड टीम ने ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लगेज को चेक किया गया। आरपीएफ प्रभारी नरेश कुमार मीणा ने बताया कि ट्रेन में यात्रा के दौरान सह यात्री की ओर से दिए गए खाद्य व पेय पदार्थ का सेवन न करें। स्टेशन व ट्रेन में संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु के मिलने पर तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि महिला कोच में पुरुष यात्री सफर न करें। पायदान व ट्रेन में लटक कर यात्रा करने वाले लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट में कार्रवाई का प्रावधान हैं।