कासगंज में मुठभेड़ में गोली लगने से शातिर लुटेरा घायल हो गया। हाल ही में इसने कार लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इसके साथियों की तलाश में जुटी है।
उत्तर प्रदेश के कासगंज में बीती रात पुलिस और एसओजी की टीम की लुटेरे से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से लुटेरा घायल हो गया। इसे पुलिस ने गिरफ्तार करके अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए लुटेरे के खिलाफ आगरा में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इसके साथियों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
मुठभेड़ सहावर थाना क्षेत्र के सेवनपुर गांव के पास खितौलीगंज डूडवारा मार्ग पर हुई। यहां पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार लुटेरे को रुकने के लिए कहा तो वह पुलिस पर फायरिंग करके भागने लगे। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल होकर वहीं गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना नाम अंकित, निवासी एत्मादपुर, आगरा बताया।
पूछताछ में उसने बताया कि बीती 19 जून को सहावर थाना क्षेत्र में इसने साथियों के साथ मिलकर ईको कार लूटने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इसे अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया युवक शातिर लुटेरा है। इसके खिलाफ आगरा में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके कब्जे से एक तमंचा, तीन कारतूस, बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है।