कासगंज। जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। शनिवार रात आई आंधी-बारिश के बाद रविवार दोपहर को जहां तेज धूप ने लोगों को बेहाल किया, वहीं शाम होते ही मौसम ने फिर करवट ले ली। शाम 4 बजे के बाद आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं।
मौसम के इस अचानक बदलाव के बीच अमांपुर में जहां हल्की ओलावृष्टि हुई, वहीं पटियाली, गंजडुंडवारा और सिढ़पुरा में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट तो आई, लेकिन जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सुबह के समय चली ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी थी, लेकिन दोपहर की धूप के बाद शाम का नजारा बिल्कुल बदल गया। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार को भी जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका जताई है। अचानक आए इस बदलाव से राहगीर रास्ते में जहां-तहां छिपने को मजबूर हो गए।
बारिश और जलभराव से बेहाल हुए इलाके
सिढ़पुरा में थमा व्यापार और आवागमन
सिढ़पुरा। क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद मुख्य बाजार, गलियों और निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया। नालियों की निकासी व्यवस्था सही न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर आ गया, जिससे राहगीरों और बाइक सवारों को कीचड़ से गुजरना पड़ा। इस स्थिति से लोगों का दैनिक जीवन और स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ। संवाद
पटियाली में धूलभरी आंधी के बाद बारिश
पटियाली। क्षेत्र में शाम को अचानक चली धूलभरी आंधी के कारण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। इसके तुरंत बाद हुई तेज बारिश से ग्रामीण और शहरी इलाकों में जगह-जगह पानी भर गया, जिससे लोगों का आना-जाना दूभर हो गया। संवाद
सिढ़पुरा में बारिश के दौरान हुए जलभराव के बीच से गुजरता युवक। संवाद