फोटो09कासगंज में सदर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस जिलाध्यक्ष व अन्य ।स्रोत:संगठन
कासगंज। किसानों व आम जनता की ज्वलंत समस्याओं और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील सभागार में प्रदर्शन करते हुए तहसीलदार बलवंत सिंह के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दिल्ली में राहुल गांधी व अजय राय को गिरफ्तार किए जाने का कड़ा विरोध जताया गया।ज्ञापन में किसानों को यूरिया व डीएपी खाद की तुरंत उपलब्धता कराने और स्मार्ट मीटरों से आ रहे अत्यधिक बिजली बिलों की जांच की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि धान और खरीफ फसलों की बुआई के समय किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। यूरिया-डीएपी के लिए किसानों को लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। साथ ही, स्मार्ट मीटरों के कारण आम जनता पर भारी बिजली बिलों का बोझ डाला जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान एआईसीसी सदस्य मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि तहसीलों में आख्या, खतौनी और हिस्सा प्रमाण-पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज के नाम पर किसानों व नागरिकों से तय शुल्क से अधिक वसूली कर उनका शोषण किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों, किसानों और आम जनता का उत्पीड़न तुरंत बंद न हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान सत्यप्रकाश गुप्ता, अली हसन, अमित कुमार भैय्यू, दीपक धनगर, अमित पाठक, नूर मुहम्मद नूरी, अमरदीन अंसारी, राजकपूर और गुलफाम सिंह आदि मौजूद रहे।