कासगंज/मोहनपुरा। गांव नगला शीशम में शराब की अवैध बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम और पीआरवी वाहन को शनिवार देर शाम भीड़ ने घेर लिया। हाथापाई करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। मामले में पुलिस ने 18 नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मोहनपुरा पुलिस चौकी के इंचार्ज महेंद्र सिंह की ओर से सदर कोतवाली में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, शनिवार की देर शाम करीब 7:45 बजे चौकी मोहनपुरा क्षेत्र में गश्त पर तैनात चौकी इंचार्ज को पीआरवी 6740 के माध्यम से सूचना मिली कि गांव नगला शीशम में अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही वह कांस्टेबल जोगिंद्र सिंह, हर्ष चौधरी और मुकेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर देखा कि सरकारी पीआरवी गाड़ी को गांव के कई महिलाओं और पुरुषों ने चारों तरफ से घेर रखा है। पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल भक्तराज और चालक संजय के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा था और उन्हें आगे नहीं जाने दिया जा रहा था।
जब पुलिस टीम ने स्थिति को संभालने और आगे बढ़ने का प्रयास किया तो भीड़ ने पीआरवी और पुलिस बल को घेर लिया। चौकी इंचार्ज ने उच्चाधिकारियों को सूचित कर किसी तरह पीआरवी को गांव से बाहर निकाला।
इसके बाद जब पुलिसकर्मी अपनी बाइकों की ओर बढ़े तो भीड़ ने उनका रास्ता रोक लिया। बाइकों पर महिलाएं बैठ गईं और जाने नहीं दिया। विरोध करने पर भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई की। इस दौरान कांस्टेबल हर्ष चौधरी की शर्ट का बटन टूट गया।