कासगंज। एटा रोड स्थित बाइपास तिराहा पर सौरभ होटल के पास बुधवार को निर्माणाधीन गड्ढे में गिरे 5 वर्षीय मासूम की जान पुलिसकर्मी की सूझबूझ से बच गई।
निर्माण कार्य के चलते खोदा गया गहरा गड्ढा बारिश के पानी से लबालब भरा था। खेलते समय मासूम अचानक उसमें गिर गया और डूबने लगा। बच्चे की चीख सुनकर आसपास भीड़ जुटी, लेकिन गहराई और कीचड़ के कारण कोई पानी में उतरने का साहस नहीं कर पा रहा था।
इसी बीच गश्त पर तैनात रिक्रूट आरक्षी गौरव कुमार की नजर भीड़ पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता भांपते हुए उन्होंने बिना देर किए गड्ढे में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। बेहोशी की हालत में मिले मासूम को प्राथमिक उपचार देते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जवान के साहस की सराहना की। परिजनों ने भावुक होकर पुलिसकर्मी को वर्दी में भगवान बताया।