फोटो37लापता हुए बालक को उसके परिजन को सुपुर्द करती ढोलना पुलिस । स्रोत: पुलिस मीडिया सेल
कासगंज। ऑपरेशन मुस्कान के तहत ढोलना पुलिस और मिशन शक्ति की टीम ने एक छह वर्षीय बच्ची को सकुशल उसकी मां से मिलवाया। अपनी खोई हुई बच्ची को दोबारा गले लगाकर मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कार्य की सराहना की।
थाना ढोलना क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम को गश्त के दौरान शनिवार की शाम बच्ची लावारिस हालत में घूमती हुई मिली थी। वह काफी डरी हुई थी। मिशन शक्ति टीम और डायल-112 पुलिस ने बच्ची से उसके घर का पता जानने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ भी बता पाने में असमर्थ थी।
पुलिस ने बच्ची की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दी। सोशल मीडिया के जरिए बच्ची की मां फूलवानो निवासी ग्राम छवानी ने उसकी पहचान कर ली। थाना ढोलना पहुंची पीड़ित मां फूलवानो ने बताया कि शबनम गांव में निकल रही कलश यात्रा के पीछे-पीछे चली गई थी। रास्ता भटक गई। पुलिस ने मासूम शबनम को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।