फोटो 13 कासगंज में बारहद्वारी क्षेत्र में लगा जाम। संवाद
कासगंज/ढोलना। त्योहार नजदीक आते ही कासगंज और ढोलना के बाजारों में जबरदस्त रौनक छा गई है। एक तरफ जहां बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ने से कारोबार में तेजी आई है। वहीं दूसरी तरफ मुख्य मार्गों पर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण के कारण दिनभर जाम की विकट स्थिति बनी हुई है।
मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों और सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों द्वारा पटरियों तक सामान फैलाने से रास्ते और संकरे हो गए हैं।
इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को चलने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कासगंज बाजार में पहुंचे सुरेश और दिनेश का कहना है कि त्योहारी सीजन में अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए और यातायात सुधार के लिए पुलिस बल तैनात हो।
दूसरी ओर, ढोलना कस्बे में त्योहार की आहट से बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आ रहे हैं। व्यापारियों ने दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है, जहां पूजा सामग्री, मिठाइयां, कपड़े और सजावटी सामान खरीदने के लिए सुबह से शाम तक खरीदार पहुंच रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में भीड़ बढ़ने से कारोबार में और अधिक उछाल आएगा।
फोटो 13 कासगंज में बारहद्वारी क्षेत्र में लगा जाम। संवाद