कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित होने वाली वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए शासन ने नई पंजीकरण एवं अग्रसारण नीति जारी कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रजनेश कुमार ने जनपद के 9 राजकीय कॉलेजों को पंजीकरण/अग्रसारण केंद्र निर्धारित किया है।
इस वर्ष जारी नीति के तहत सबसे बड़ा बदलाव यह है कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए केवल उन्हीं राजकीय विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है जहां पर्याप्त शिक्षण स्टाफ और अनुभवी प्रवक्ता उपलब्ध हैं। दागी, सामूहिक नकल या पिछले तीन वर्षों में हिंसात्मक घटनाओं से प्रभावित रहे विद्यालयों को इस प्रक्रिया से पूरी तरह बाहर रखा गया है।
इस संबंध में डीआईओएस कार्यालय की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसके तहत पत्राचार, अन्य प्रदेश व विदेशी परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों के पंजीकरण के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कासगंज, आजाद गांधी इंटर कॉलेज कासगंज, एसबीआर इंटर कॉलेज पटियाली और मक्खन लाल इंटर कॉलेज अमांपुर को नामित किया गया है।
इसके अतिरिक्त पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, अलाउद्दीनपुर (सहावर), पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, थराचीतरा (अमांपुर), पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, लभेड़ (गंजडुंडवारा), पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, भरगैन (पटियाली), राजकीय इंटर कॉलेज, नौरथा (कासगंज) को निर्धारित क्षमता वाला अग्रसारण केंद्र बनाया गया है।
डीआईओएस रजनेश कुमार ने बताया कि आवेदन पत्र का प्रारूप परिषद की वेबसाइट www.upmsp.edu.in के साथ-साथ तहसील और ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध रहेगा। यदि किसी प्रधानाचार्य ने निर्धारित संख्या से अधिक या फर्जी अभ्यर्थियों के फॉर्म अग्रसारित किए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।