कासगंज। बिलराम गेट दुर्गा कॉलोनी में बृहस्पतिवार दोपहर खाली पड़े प्लाॅट में नवजात (बालिका ) का शव पड़ा मिला। शव को कुत्ता कहीं से उठाकर लाया था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
दुर्गा कॉलोनी गली नंबर-2 में दोपहर करीब 2 बजे नवजात का शव पड़ा हुआ था।
लोगों ने बताया कि भूसे की टाल के पास खाली पड़े प्लॉट में शव पड़ा था। वहां से उठाकर कुत्ता गली में ले आया। बालिका के शव को देखकर मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। किसी ने फोन कर सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव के शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। सीसीटीवी कैमरे की मदद से भी पुलिस शव के बारे में जानकारी कर रही है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि दुर्गा कॉलोनी में एक खाली प्लॅाट में नवजात बालिका का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संवाद