फोटो 14 कासगंज में विजेता क्रिकेट टीम को ट्राफी देते अतिथि। आयोजक
कासगंज। श्री गणेश इंटर कॉलेज के मैदान पर कासगंज डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-12 नौ दुर्गा क्रिकेट सीरीज कप के दूसरे मुकाबले में बिग गोल्स क्रिकेट क्लब, कासगंज ने बिग ड्रीम्स क्रिकेट क्लब, कासगंज को 35 रन से हरा दिया। कृष्णा वर्मा ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिग गोल्स क्रिकेट क्लब की टीम ने 45 ओवर में सभी विकेट खोकर 197 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिग ड्रीम्स क्रिकेट क्लब की टीम 35.4 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह बिग गोल्स ने मुकाबला 35 रन से अपने नाम कर लिया।
बिग गोल्स के कृष्णा वर्मा ने 15 गेंदों पर 36 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। गेंदबाजी में भी उन्होंने सात ओवर में 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। शिवा राजपूत ने उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
वहीं, बिग ड्रीम्स क्रिकेट क्लब के अर्जुन राघव को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 10 ओवर में 43 रन देकर चार विकेट लिए। बिग गोल्स की ओर से कप्तान मयंक शाक्य के साथ सलामी बल्लेबाज वैभव कुमार ने टीम का प्रतिनिधित्व किया। बिग ड्रीम्स की कप्तानी मानिक ने की। टीम में सलामी बल्लेबाज अर्जुन शर्मा और कृष्णजीत भी शामिल रहे। मुकाबले में अंपायर की भूमिका अर्पित जैन और प्रवीन गुप्ता ने निभाई।