कासगंज। सहावर के गांव नगला मोहन से खुदाताल में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। शासन से इसके निर्माण को मंजूरी मिल गई है। लोक निर्माण विभाग करीब 68.50 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराएगा।गांव नगला मोहन से खुदाताल को जोड़ने वाली यह मार्ग काफी समय से बदहाल है। बरसात में इस मार्ग से निकलना और भी मुश्किल हो जाता था। सड़क जर्जर होने से आने-जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ती थी। ग्रामीण काफी समय से इस सड़क निर्माण के लिए जनप्रतिनिधि व अधिकारियों से मांग कर रहे थे।
पीडब्ल्यूडी ने सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया, जिसे शासन से मंजूरी मिल गई है। सड़क के निर्माण से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि ग्रामीणों को बाजार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी। विधायक हरिओम वर्मा ने बताया नगला मोहन से खुदाताल की ओर जाने वाली सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।