फोटो 33- कासगंज में राखी की खरीदारी करतीं बहनें। स्रोत संवाद
कासगंज। रक्षाबंधन पर बृहस्पतिवार को बाजार पूरी तरह उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। त्योहार की खास मिठाई घेवर की महक से बाजार गुलजार रहा। वहीं राखियों और उपहारों की दुकानों पर दिनभर खरीदार डटे रहे। जिले में इस बार करीब एक हजार क्विंटल घेवर की खपत का अनुमान लगाया गया है।
बाजार में इस बार सादे घेवर के साथ-साथ केसर, काजू, खोया और रोज मलाई घेवर की विशेष वैरायटियां छाई रहीं। इसके अलावा फीका घेवर और सूत फैनी की भी अच्छी बिक्री हुई। भाव की बात करें तो वेजिटेबल ऑयल का घेवर 300 से 360 रुपये और शुद्ध देशी घी का घेवर 660 से 900 रुपये प्रति किलो तक बिका।
कारोबारी अंकुर अग्रवाल के अनुसार, पर्व पर हर घर में घेवर की मांग रहती है जिसकी तैयारी महीनों पहले से शुरू हो जाती है। सीजन के लिए भी तमाम मिठाई वाले घेवर की मांग को देखते हुए अस्थायी भट्ठियां संचालित करके घेवर बनाते हैं और दुकानें सजाकर बिक्री करते हैं।
50 लाख के राखी कारोबार का अनुमान
राखी की दुकानों पर बहनों की भारी भीड़ उमड़ी। बच्चों के लिए खिलौने वाली राखियां और बड़ों के लिए चंदन, तुलसी, मोती व ब्रेसलेटनुमा राखियों की खूब मांग रही। विक्रेता अंकित चोला के मुताबिक, जिलेभर में लगभग 50 लाख रुपये के राखी कारोबार का अनुमान है। वहीं, भाइयों ने भी बहनों के लिए 500 से 2000 रुपये तक के गिफ्ट हैंपर खरीदे, जिनमें चॉकलेट, ड्राईफ्रूट्स और कोल्ड ड्रिंक्स शामिल रहे।
फोटो 33- कासगंज में राखी की खरीदारी करतीं बहनें। स्रोत संवाद