फोटो29सोरोंजी के मार्गशीर्ष मेला में दुकान लगाता दुकानदार। संवाद
कासगंज। मार्गशीर्ष मेले को भव्य व और दिव्य बनाने के लिए जहां जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी वहीं नगरपालिका प्रशासन ने भी इंतजामों को बेहतर बनाने में जी-जान लगा दी। पूरी सजधज के बीच मेला मार्गशीर्ष का शनिवार 29 नवंबर को जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनरायण चौधरी उद्घाटन करेंगे। वो पहले हरि की पौड़ी पर आयोजित पूजा अर्चना में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे मेला ग्राउंड के द्वार पर फीता काटकर उद्घाटन करेंगे।
मेला ग्राउंड में शुक्रवार को पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं। अंतिम दौर की तैयारियों में मेला ग्राउंड के दुकानदार, शो संचालक, बिजली ठेकेदार व अन्य कर्मी कार्यों को निपटाने में व्यस्त नजर आए। मेला ग्राउंड में पूरा रूट मैप बड़े बड़े फ्लैक्स बोर्ड पर लगाया गया है, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। मेला क्षेत्र में जादू शो, झूले, मौत का कुआं, सर्कस, फोटो स्टूडियो लगाए जा चुके हैं। वहीं बच्चों के खेल-खिलौनों के साथ खाद्य पदार्थों, ऊनी कपड़ों व अन्य गृह उपयोगी सामान की दुकानें भी सजाई गई हैं। मेले में आने वाले ग्रामीणों के लिए लाठी व बैंत की दुकानें भी सजी हुई हैं। खजला की दुकानें भी सजी हैं। यहां खाने में चाइनीज, साउथ इंडियन फूड एवं चाट की दुकानें हड़ी संख्या में हैं तो वहीं पत्थर, लोहा व काठ के सामान और आकर्षक क्रॉकरी भी बिक्री के लिए उपलब्ध है।
शुक्रवार को नोडल अधिकारी एवं एसडीएम संजीव कुमार ने मेला क्षेत्र में भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। विद्युत ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए वहीं सफाई आदि की व्यवस्था के निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने भी मेला परिसर में व्यवस्थाएं परखीं और पालिकाकर्मियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में किसी तरह की खामियां न रहें। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि आज मेला मार्गशीर्ष का शुभारंभ शाम 4:30 बजे जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मीनरायण चौधरी करेंगे।