उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में शनिवार की दोपहर प्रेमी ने गले में फंदा लगाकर सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाया और झूल गया। स्टेटस प्रेमिका ने देखा तो वह भी भागकर कमरे में पहुंची और फंदा लगाकर लटक गई। हालांकि समय रहते घर वालों ने देख लिया तो उसे उतारकर अस्पताल ले गए। उसकी जान बच गई, लेकिन प्रेमी की मौत हो गई।
मामला सहावर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां नाबालिग किशोर-किशोरी काफी समय से एक दूसरे से प्रेम करते थे। वह साथ जीने मरने की कसमें खा चुके थे। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण प्रेमी पढ़ाई छोड़कर जयपुर काम करने चला गया। जबकि प्रेमिका 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है।
फंदा लगाकर मोबाइल पर स्टेटस लगाया
होली पर प्रेमी घर आया था। शनिवार की दोपहर दोनों में कुछ बातचीत हुई। इसके बाद प्रेमी अपने घर गया। उसने गले में फंदा लगाकर मोबाइल पर स्टेटस लगाया और झूल गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। उधर, प्रेमिका ने मोबाइल पर स्टेटस देखा तो वह भी भागकर कमरे के अंदर पहुंची और फांसी लगा ली। इसी बीच घर वालों ने देख लिया तो भागकर उसे फंदे से नीचे उतारा और अस्पताल लेकर पहुंचे।
किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई
समय पर इलाज मिलने से प्रेमिका की जान बच गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया। खबर मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। मौजूद लोगों से बात करके जानकारी ली। हालांकि किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई।
दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था
सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि नाबालिग किशोर-किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। इसमें प्रेमी किशोर की मौत हो गई। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। दोनों पक्षों ने कोई तहरीर नहीं दी है।