सोरोंजी। जल जीवन मिशन के तहत गांव न्यौली में बनाए गए पानी के ओवरहैड टैंक से पानी का रिसाव होने के कारण ग्रामीणों ने प्रशासन से टंकी के निर्माण की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि ओवरहैड टैंक में पानी भरने के बाद टैंक की दीवारों से जगह जगह पानी का रिसाव होने लगा। ग्रामीण बाबू गिरी, मोहित गौर, देवेंद्र कुमार, मलखान का कहना है कि ओवरहैड टैंक का निर्माण 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से किया गया।
एक महीने में ही ओवरहैड टैंक से पानी की लीकेज होने लगी है जो गुणवत्ताविहिन निर्माण की ओर इशारा करती है। जिलाधिकारी ने ओवरहैड टैंक के निर्माण की जांच कराने की मांग की है। जल निगम के सहावर ब्लॉक प्रभारी जुनैद ने बताया कि जांच टीम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।