पटियाली। विकास खंड गंजडुंडवारा के गांव नगला मोहन में शुक्रवार दोपहर अज्ञात कारणों से चार झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग सबसे पहले केदार सिंह की झोपड़ी में लगी। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तेज लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसने पड़ोस में रहने वाले रवि कुमार, मनोज और देव सिंह की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने घरों और खेत में लगे पंपसेटों से पानी डालकर आग बुझाई।
आग लगने से केदार सिंह की झोपड़ी में रखे 40 हजार रुपये जल गए। रवि कुमार की झोपड़ी में 60 हजार रुपये और मनोज की झोपड़ी में 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा अनाज, कपड़े, बिस्तर और चारपाई समेत गृहस्थी का सारा सामान भी जल गया।
समाजसेवी गजेंद्र सिंह ने उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल को अग्निकांड की सूचना दी। उपजिलाधिकारी ने तत्काल क्षेत्रीय लेखपाल विष्णु सिंह को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया और अग्नि पीड़ितों की हर संभव मदद का आश्वासन दिया।