गंजडुंडवारा (कासगंज)। गांव नगला चेती में जल जीवन मिशन के तहत बन रही टंकी के परिसर में ट्यूबवेल के कमरे में बृहस्पतिवार की देर रात मजदूर का शव फंदे पर लटका मिला। चौकीदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बरेली जिला में कैंट थाना क्षेत्र के गांव मंझा निवासी प्रमोद (22) पुत्र दरियाब मजदूर थे। वह गांव नगला चेती में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी के निर्माण कार्य में साथी मुकेश और हरपाल के साथ मजदूरी का काम कर रहे थे।
साथी मुकेश ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को तीनों एक कमरे की छत पर खाना खाकर सो रहे थे। रात करीब 10 बजे प्रमोद टॉयलेट करने के लिए नीचे चला गया। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन की गई।
इस दौरान उसका शव परिसर में बने ट्यूबवेल के कमरे में फंदे पर लटका मिला। चौकीदार पुजारी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
सीओ पटियाली अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।