कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में शिक्षामित्र को 18 हजार रुपये का चेक प्रदान करते जनप्रतिनिधि, मं
कासगंज। शिक्षामित्रों के लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष के बीच आज राहत भरा दिन साबित हुआ, जब बढ़े हुए मानदेय के भुगतान और वितरण का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के साथ ही जिले रूद्राक्ष सभागार, कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के 1,157 शिक्षामित्रों के खातों में 18,000 रुपये प्रति शिक्षामित्र की दर से मानदेय भेजा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय सिंह एवं परियोजना निदेशक विकल कुमार की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर शिक्षामित्रों और शिक्षकों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना, जिसमें उन्होंने सरकार की नीतियों और शिक्षामित्रों के हित में लिए गए निर्णयों का विस्तार से उल्लेख किया। सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि सरकार द्वारा शिक्षामित्रों का मानदेय 3,500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किया गया था और अब 1 अप्रैल 2026 से इसे बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान 10 शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये के मानदेय के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। इस दौरान बीएसए सूर्य प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।