ढोलना। गांव विरसुआ निवासी एक महिला ने निजी आई सेंटर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी आंखों की रोशनी चली गई। मामले में सदर कोतवाली पुलिस से अस्पताल संचालक की शिकायत की है।
गांव विरसुआ निवासी जानकी देवी पत्नी मूलचंद्र का आरोप है कि उन्होंने अपनी आंखों का ऑपरेशन शहर के एक निजी आई सेंटर में कराया था। डॉक्टर ने ऑपरेशन से पहले नौ हजार रुपये जमा कराए और आंखे सही हो जाने का भरोसा दिया। ऑपरेशन के अगले दिन पट्टी हटाकर चश्मा लगा दिया और कुछ दवाएं लिख दीं, लेकिन कुछ दिनों बाद आंखों में परेशानी बढ़ने लगी। उन्हें दिखाई देना बंद हो गया। जब वह दोबारा सेंटर पर गईं तो डॉक्टर ने आंख में संक्रमण और गंदगी होने की बात कही।
उपचार भी किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें अन्य निजी अस्पतालों में दिखाने की सलाह दी। पीड़िता के पति मूलचंद ने बताया कि मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी प्रवेश राणा का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद