कासगंज। त्योहारी सीजन से पहले चीनी के दामों में आई उछाल पर अब शासन की सख्ती का असर दिखने लगा है। कुछ समय पहले 45 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी चीनी के दामों में मंगलवार को करीब तीन रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई। थोक बाजार में चीनी 61 रुपये प्रति किलो और फुटकर बाजार में 62 रुपये प्रति किलो के भाव से बेची गई।
त्योहारों के मद्देनजर चीनी की बढ़ती कीमतों और संभावित जमाखोरी को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। निर्धारित स्टॉक सीमा के तहत अब कोई भी व्यापारी 4000 क्विंटल से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रख सकेगा। इस नियम का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों की टीमें बाजार और गोदामों की लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशासन की इस सख्ती के बाद व्यापारियों में निर्धारित स्टॉक सीमा का पालन करने की हलचल तेज हो गई है। बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ने लगी है, जिसका सीधा असर कीमतों पर दिख रहा है। कारोबारियों का मानना है कि यदि प्रशासन की निगरानी इसी तरह जारी रही, तो आने वाले दिनों में चीनी के दामों में और राहत मिलने की उम्मीद है।
विक्रेता विपिन चोला ने बताया कि पिछले दिनों बाजार में चीनी के भावों में अप्रत्याशित तेजी आई थी और फुटकर कीमत 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी।
प्रशासन द्वारा स्टॉक सीमा तय करने और निरीक्षण शुरू होने के बाद बाजार की स्थिति में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में थोक में चीनी 61 रुपये प्रति किलो और फुटकर में लगभग 62 रुपये प्रति किलो बिक रही है। यदि आने वाले दिनों में आपूर्ति सामान्य रही, तो कीमतों में और गिरावट आने की संभावना है।