कासगंज। जिले में आगामी 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा की सफलता और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित विद्यालयों से शिक्षकों का विवरण भी मांगा है। परीक्षा दो पालियों में होगी।
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन होना है। परीक्षा के लिए आजाद गांधी इंटर कॉलेज, बीएवी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, केए महाविद्यालय, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक सोरोंजी, सुमंत कुमार माहेश्वरी इंटर कॉलेज, संत तुलसीदास म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज सोरोंजी, शेरवानी इंटर काॅलेज न्यौली नगरिया, श्रीगणेश इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया है।
परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के लिए निर्धारित केंद्रों के अलावा अन्य राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के ट्रेजरी से वेतन प्राप्त करने वाले प्राचार्य, प्रधानाचार्य व शिक्षकों का विवरण मांगा गया है।
वर्जन
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारित हो गए हैं। इन केंद्रों पर परीक्षा आयोजन के लिए शिक्षकों का विवरण मांगा गया है। विवरण निर्धारित प्रारूप पर देना हैं। - जगदीश प्रसाद शुक्ला, डीआईओएस