कासगंज। स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और शिक्षकों व विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने जुलाई की नई कार्ययोजना जारी कर दी है। अब सप्ताह में कम से कम दो कक्षाओं में दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल अध्ययन सामग्री छात्र पढ़ेंगे।
एससीईआरटी की ओर से इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, डायट प्राचार्यों और जिला, खंड व समूह स्तर के समन्वयकों को सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार, जुलाई महीने के भीतर ही सभी प्राथमिक, टीजीटी और पीजीटी शिक्षकों के साथ-साथ डीएलएड के सभी छात्र-छात्राओं का दीक्षा पोर्टल पर चल रहे विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में 100 प्रतिशत नामांकन कराना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही सभी शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने-अपने प्रशिक्षण कोर्स को पूरा भी करना होगा। विद्यार्थियों में रचनात्मकता और डिजिटल सीखने की क्षमता को बढ़ाने के लिए कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं को दीक्षा ग्रीष्मकालीन प्रश्नोत्तरी-2026 में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों को हर हाल में 30 जुलाई 2026 तक सभी छात्र-छात्राओं से यह प्रश्नोत्तरी पूरी करानी होगी।
एससीईआरटी ने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे सप्ताह में कम से कम दो कक्षाओं में दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल अध्ययन सामग्री (ई-कंटेंट) का अनिवार्य रूप से उपयोग कर बच्चों को पढ़ाएं। इस पूरी कार्ययोजना की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला, खंड और समूह स्तर के अधिकारी तय संख्या में स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे और दीक्षा एप से जुड़ी गतिविधियों की सीधे निगरानी करेंगे। परिषद ने जुलाई महीने के सभी लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा करके इसकी प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं।