फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kasganj News: जिले की 10 ग्राम पंचायत में बनेंगे अंत्येष्टि स्थल

विज्ञापन
विज्ञापन
कासगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में शव के अंतिम संस्कार के लिए बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला पंचायत राज विभाग ने पहल शुरू की है। शासन के निर्देश पर जिले की 10 ग्राम पंचायतों में आधुनिक अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सभी सातों विकास खंडों की ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मांगे गए हैं।
विज्ञापन

जिले की सात विकास खंडों में 423 ग्राम पंचायतें हैं। कई गांवों में अंतिम संस्कार के लिए व्यवस्थित स्थल और आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इसके कारण ग्रामीणों को शव के अंतिम संस्कार के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता है।इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए शासन ने चयनित ग्राम पंचायतों में आधुनिक अन्त्येष्टि स्थल विकसित करने का निर्णय लिया है।
जिला पंचायत राज विभाग ने जिन ग्राम पंचायतों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध होगी और जहां इस तरह के स्थल की आवश्यकता अधिक होगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चयनित किया जाएगा। प्रत्येक अन्त्येष्टि स्थल के निर्माण पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। इससे ग्रामीणों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में अंतिम संस्कार की सुविधा मिल सके।
विज्ञापन

ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद विभागीय स्तर पर उनका परीक्षण किया जाएगा। पात्र ग्राम पंचायतों का चयन होने के बाद निर्माण कार्य की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की जाएगी। योजना के तहत अन्त्येष्टि स्थल पर शेड, चबूतरा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, संपर्क मार्ग सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश चौरसिया ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद उनका परीक्षण कर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित ग्राम पंचायतों में शीघ्र ही आधुनिक अन्त्येष्टि स्थलों के निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली असुविधाओं से राहत मिलेगी और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें