फोटो- 39सहावर पुलिस की हिरासत में आरोपी समीर व नाजिम। स्रोत: पुलिस मीडिया सेल
सहावर। मोहल्ला नई बस्ती में शनिवार की सुबह भाइयों के बीच हुई लड़ाई में छह दिन के नवजात की चोट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सीओ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करके दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नई बस्ती निवासी खुशबू पत्नी अरमान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह शनिवार की सुबह अपनी ससुराल में थी। उसका पति घर पर नहीं था। उसका 6 दिन का बच्चा उसके देवर फरमान के साथ चारपाई पर लेटा था। तभी जेठ समीर व नाजिम ने अचानक आकर देवर को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान चारपाई पर लेटे नवजात को भी चोट लग गई। उसके नाक से खून आने लगा। इस पर परिजन तत्काल नवजात को सीएचसी ले गए, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की खबर मिलने पर परिवार में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर सीओ शाहिदा नसरीन, थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजन से घटना के बारे में जानकारी की। नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि नवजात के पिता अरमान का बहन की शादी में खर्च हुए रुपये के बंटवारे को लेकर शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे भाइयों से विवाद हो गया। भाइयों के बीच मारपीट के दौरान नवजात की चोट लगने से मौत हो गई।
थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से नवजात की मौत होने की पुष्टि हुई है। मां की तहरीर पर आरोपी समीर व नाजिम को प्राथमिकी दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है।