कासगंज। गंगीरी मार्ग के चौड़ीकरण को व्यय वित्त समिति की बैठक में स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग जनपद की सीमा में 16 किलोमीटर लंबे मार्ग को 46 करोड़ रुपये की लागत से बनाएगा। पहले यह मार्ग 7 मीटर चौड़ा बनाया गया था अब इसे 10 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। निर्माण पूरा होने से इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले करीब 50 हजार वाहनों को आवागमन में मिलेगी सहूलियत मिलेगी।
इस मार्ग से दिल्ली, अलीगढ़, गंगीरी, छर्रा, अतरौली, बुलंदशहर सहित अन्य स्थान पर जाने के लिए वाहन गुजरते हैं। वाहनों के दबाव के कारण आए दिन मार्ग पर जाम के हालात बन जाते हैं। इससे जाम में फंसने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ढोलना निवासी विनोद कुमार, लाखन सिंह बताया कि गंगीरी जाने वाली सड़क पर वाहनों का अधिक दबाव होने के कारण जाम लगता है। सड़क के चौड़ीकरण के लिए लोगों ने सदर विधायक व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने 46 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। पहले यह सड़क 7 मीटर चौड़ी बनाई गई थी,लेकिन अब यह सड़क 10 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी ज्ञान प्रकाश ने बताया कि कासगंज से गंगीरी की ओर जाने वाले मार्ग की लखनऊ में वित्त समिति की बैठक में स्वीकृति मिल गई है। शासन से धनराशि मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा।