कासगंज। जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी लगाने में लापरवाही बरती जा रही है। एआई के दौर में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और विद्यार्थी भी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने से परहेज कर रहे हैं। इस मामले में शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए हैं लेकिन उनका गंभीरता से पालन नहीं हो रहा है। दरअसल, जिले के कुल 270 माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज कराने के के विभागीय निर्देश हैं। यह व्यवस्था 104 विद्यालयों में शुरू हो सकी है। 166 विद्यालय इससे फिलहाल अछूते हैं। यहां यह प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो सकी है। बड़ी संख्या में विद्यालयों में व्यवस्था शुरू नहीं होने से विभागीय स्तर पर जारी निर्देशों के अनुपालन पर सवाल उठने के साथ-साथ लापरवाही भी सामने आ रही है।
उपस्थिति की निगरानी पर जोर
ऑनलाइन हाजिरी का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करना है। साथ ही छात्रों की उपस्थिति का भी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है। यह व्यवस्था शत-प्रतिशत लागू नहीं होने से स्पष्ट है कि संबंधित विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
विभाग के लिए कड़ी चुनौती है...
विभागीय निर्देशों के मुताबिक विद्यालयों में शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज होनी है। विभागीय अधिकारियों के सामने अब शेष 166 विद्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था जल्द शुरू कराना चुनौती है। माना जा रहा है कि यह व्यवस्था लागू होने से उन लोगों को दिक्कत हो सकती है जो विद्यालय आने-जाने में मनमानी कर सुविधानुसार मनमाफिक समय पर आते-जाते हैं। एक बार ऑनलाइन हाजिरी लगने लगी तो उनकी मनमर्जी पर अंकुश लग सकता है।
वर्जन
जिले के सभी विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश काफी पहले दिए जा चुके हैं। इस मामले में अब जो जानकारी मिली है उसमें अधिकतर विद्यालयों में इसे लागू नहीं किया गया है। इन सभी को ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था शुरू करने के लिए फिर कहा गया है। चेकिंग के दौरान जहां भी लापरवाही मिलेगी वहां विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- रजनेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक