फोटो 34 ढोलना में मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
ढोलना। कस्बे में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने अवैध व अनियमित चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चेकिंग अभियान चलाया। नोडल अधिकारी डॉ. मदन चौधरी के नेतृत्व में हुई इस त्वरित कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने पर शिव पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया गया। जबकि नेशनल मेडिकल स्टोर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से ढोलना और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभियान के तहत टीम ने विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के दस्तावेजों, लाइसेंस और स्वास्थ्य संबंधी मानकों की गहन जांच की।
शिव पैथोलॉजी लैब पर बिना वैध कागजातों और मानकों के उल्लंघन का मामला पाए जाने पर सीलिंग की सख्त कार्रवाई की गई। वहीं, नेशनल मेडिकल स्टोर में कमियां मिलने पर विभागीय स्तर पर नोटिस थमाया गया है।
नोडल अधिकारी डॉ. मदन चौधरी का कहना है कि क्षेत्र में मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।